जूनियर रेड क्रॉस औरंगाबाद के तत्वाधान में जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का किया गया आयोजन

WhatsApp Image 2026-02-01 at 11.42.33 PM

विश्वनाथ आनंद .
औरंगाबाद( बिहार )-जूनियर रेड क्रॉस औरंगाबाद के तत्वावधान में मानवीय सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उक्त रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन जूनियर रेड क्रॉस औरंगाबाद के जिला काउंसलर सह सचिव डॉ निरंजय कुमार के द्वारा किया गया तथा रक्तदाताओं एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।अपने संबोधन में श्री निरंजय कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी भी व्यक्ति के जीवन को बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्तदान का आयोजन बारुण प्रखंड के राजकीय कृत देवबंशी उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरगंज के शिक्षकों एवं जूनियर रेड क्रॉस के सदस्यों के द्वारा किया गया. जूनियर रेड क्रॉस के जिला काउंसलर निरंजय कुमार ने कहा कि दुर्घटनाओं, आपातकालीन चिकित्सा, प्रसव, गंभीर बीमारियों एवं शल्य चिकित्सा के दौरान रक्त की निरंतर आवश्यकता रहती है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर समाज के लिए जीवनदायी सिद्ध होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं एवं छात्रों की सक्रिय सहभागिता से समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवता की भावना को सशक्त आधार मिलता है।श्री कुमार ने आगे कहा कि जूनियर रेड क्रॉस का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा भाव, अनुशासन, त्याग एवं सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देते हैं, बल्कि युवाओं को समाज के प्रति सजग एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

आयोजित रक्तदान शिविर में उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरगंज के प्रधानाध्यापक डॉ राकेश कुमार, रेडिया मध्य विद्यालय के गोविंदा सिंह,सुंदरगंज विद्यालय के विद्यालय अध्यापक शिवम कुमार, रवि रंजन कुमार आलोक कुमार सिंह कमल किशोर संतोष कुमार देवकुंड उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक मधु कुमारी साक्षी मिश्रा सुरेश सिंह अमित कुमार साक्षी कुमारी आदि जूनियर रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों युवाओं भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्त संग्रह की प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में पूरी तरह सुरक्षित, स्वच्छ एवं निर्धारित चिकित्सा मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई.रक्तदान से पूर्व प्रत्येक रक्तदाता का आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा रक्तदान के पश्चात उन्हें चिकित्सकीय परामर्श, जलपान एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
शिविर के सफल आयोजन एवं सुव्यवस्थित संचालन में जूनियर रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों, आयोजन समिति तथा सहयोगी संस्थाओं की भूमिका सराहनीय रही। स्वयंसेवकों द्वारा पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, रक्त संग्रह एवं व्यवस्था संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला काउंसलर सह सचिव श्री निरंजय कुमार के द्वारा सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय दल, स्वयंसेवकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा-आधारित, जनहितकारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

You may have missed