नवगीत दिवस समारोह में पत्रकार एवं कवि डॉ. एस. आनंद सिंह होंगे ‘शब्दवीणा साहित्य गौरव सम्मान’ से विभूषित

WhatsApp Image 2026-02-02 at 7.22.54 PM

विश्वनाथ आनंद .
गया जी (बिहार )- आगामी दिनांक 5 फरवरी2026 को राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ की पश्चिम बंगाल प्रदेश समिति के तत्त्वावधान में आयोजित प्रथम नवगीत दिवस समारोह के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रख्यात कवि डॉ. एस. आनंद सिंह को उनके विशिष्ट साहित्यिक अवदान, नवगीत परंपरा के संवर्धन तथा सृजनात्मक योगदान के लिए ‘शब्दवीणा साहित्य गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, यह सम्मान समकालीन हिंदी कविता में सार्थक हस्तक्षेप करने वाले रचनाकारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शब्दवीणा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष एवं जाने माने ग़ज़लकार राम नाथ बेख़बर ने बतलाया कि समारोह में साहित्य, पत्रकारिता एवं सांस्कृतिक जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। यह आयोजन नवगीत साहित्य के प्रति जनचेतना को सुदृढ़ करने और रचनात्मक संवाद को विस्तार देने का सशक्त मंच सिद्ध होगा।

वहीं शब्दवीणा की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि डॉ. एस. आनंद सिंह की अनवरत साहित्य साधना प्रणम्य तथा अनुकरणीय है। वे विगत 40 वर्षों से एक संवेदनशील पत्रकार एवं कवि के रूप में हिंदी भाषा एवं साहित्य समृद्ध करते आ रहे हैं। डॉ. सिंह के लेखन का विषय हो अथवा अभिव्यक्ति शैली, चिंतनशील पाठक उनके आलेखों को पढ़ने के लिए स्वतः विवश हो जाते हैं। डॉ. सिंह द्वारा “तिरछी नज़र” स्तंभ के लिए व्यंग्यात्मक शैली में लिखे गए आलेख तो अपने आप में अनुपम हैं। उनमें तरह-तरह के अनोखे दृष्टांतों का व्यंजनात्मक प्रयोग अद्भुत होता है। डॉ. सिंह को प्रथम “शब्दवीणा साहित्य गौरव सम्मान” से विभूषित करना पूरी संस्था के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है।

You may have missed