अब सैर नहीं, सेलिब्रेशन भी- गंगा किनारे डबल डेकर बस में खास सुविधा

WhatsApp Image 2026-02-01 at 6.50.17 PM

RAJIV SINGH.

पार्टी, व्यू और सैर, सब एक ही बस में उपलब्ध

गंगा किनारे सैर के साथ पार्टी का लें आनंद, डबल डेकर बस करें बुक
– 4 हजार रुपये में डेढ़ घंटे के लिए बुक करा सकते है सुविधा
– सितंबर से अबतक 4 हजार से अधिक पर्यटकों ने किया सैर

पटना, 1 फरवरी।जेपी गंगा पथ पर चल रहे डबल डेकर बस को शहरवासी सैर करने के साथ जन्मदिन मनाने या कोई निजी पार्टी के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 4 हजार रुपये प्रति ट्रिप किराया भुगतान करना होगा। एक ट्रिप की समय अवधि डेढ़ घंटे की मानी जाएगी। पैसा प्रति ट्रिप के आधार पर लगेगा।बिहार पर्यटन विकास निगम के अनुसार जेपी गंगा पथ पर चल रही जेपी गंगा पथ पर दीघा घाट से कंगन घाट तक की सैर, ऊपरी डेक से 360 डिग्री का नजारा, हवा का झोंका और ऐतिहासिक स्थलों का दीदार इसे बेहद खास बनाता है।

बस और इसकी खासियत
बस शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक चलाई जाती है। इसमें 40 सीटें हैं, जिनमें नीचे के डेक पर 20 वातानुकूलित सीटें और 20 सीटें ऊपरी डेक पर हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए इसमें टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और एक गाइड भी मौजूद होता है। गाइड पर्यटकों को दीघा से जेपी गंगा पथ गोलम्बर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी देता है। सामान्य दिनों में चलने वाली इस बस का प्रति व्यक्ति का एक तरफ का किराया 50 रुपये, जबकि दोनों तरफ का किराया प्रति व्यक्ति 100 रुपए निर्धारित है।डबल डेकर बस में सितम्बर 2025 से अबतक 4 हजार 370 पर्यटक सैर कर चुके हैं।