नालंदा की घटना पर उबाल: गया में प्रजापति समाज की आपात बैठक, दोषियों को फांसी की मांग
DHIRAJ.
गया: बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, जिला शाखा गया की ओर से गुरुवार को आज प्रजापति धर्मशाला, दांडी बाग में कोर कमेटी की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष कृष्ण कुमार अजय ने की है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड अंतर्गत अजयपुर गांव में प्रजापति समाज की एक महिला के साथ सरेआम सड़क पर हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की वीभत्स घटना पर चर्चा करना और आगे की रणनीति तय करना था।
इस बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा की और इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। समिति के सदस्यों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
समिति ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाए और उन्हें अविलंब कठोरतम दंड, विशेष रूप से फांसी की सजा दी जाए।सदस्यों का कहना था कि जब तक अपराधियों को सख्त सजा नहीं मिलेगी, तब तक इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा। इसके साथ ही समिति ने निर्णय लिया कि इस मुद्दे को लेकर जनस्तर पर भी आवाज उठाई जाएगी और आवश्यक होने पर आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। इसी क्रम में आगामी 12 अप्रैल 2026 को गया जिला कार्यकारिणी की एक विशेष बैठक बुलाने की घोषणा की गई है, जिसमें इस घटना की विस्तृत समीक्षा कर आगे की रणनीति और कार्रवाई तय की जाएगी।
इस बैठक में जिला सचिव विनोद कुमार, संरक्षक द्वारका प्रजापति, पूर्व अध्यक्ष नंदलाल प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष बाल अमृत प्रसाद, कोषाध्यक्ष मोहन प्रजापति सहित कई प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे हैं। इसके अलावा ज्ञान दत्त प्रजापति, विष्णु कुमार, बिजेंद्र कुमार, प्रभाकर, राजदेव पंडित, विनोद कुमार पंडित, राजेंद्र पंडित, एस.के. सुमन, रामविलास पंडित, रविंद्र प्रजापति और नागेश्वर प्रजापति समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी बैठक में भाग लिया है।
