टिकारी में पहली बार महाराजा की स्मृति में विशेष आयोजन
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार) :- गयाजी जिला के टिकारी के अंतिम लोकप्रिय शासक महाराजा कैप्टन गोपाल शरण सिंह की पुण्यतिथि पखवाड़ा के अवसर पर रविवार को मां निर्दोष सेवा केंद्र एवं टिकारी राज इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय के सभागार में भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया जा रहा है।विद्यालय परिसर में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कहा जाता है कि टिकारी राज इंटर कॉलेज के कण-कण में महाराजा का वास है, ऐसे में यह कार्यक्रम ऐतिहासिक महत्व का माना जा रहा है। टिकारी में इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है, जिससे आम जनमानस में भी खासा उत्साह है।विद्यालय के छात्र स्वागतगान की तैयारी में जुटे हैं, वहीं एनसीसी एवं स्काउट के बच्चे अतिथियों के स्वागत और व्यवस्था को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
कार्यक्रम के आयोजक हिमांशु शेखर ने बताया कि समारोह के उद्घाटनकर्ता राज्य सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह होंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक अजय कुमार दांगी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्ति विशेष सचिन राय मदन किशोर शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा निवृत अपर पुलिस महानिदेशक, बिहार राज्यवर्धन शर्मा करेंगे एवं मंच संचालक की जिम्मेदारी संजय अथर्व निभाएंगे।कार्यक्रम के समन्वयक प्राचार्य सैयद अख्तर हुसैन एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. कलामुद्दीन हैं।रामेश्वर उच्च विद्यालय बेलागंज के प्राचार्य अबरार आलम ने बताया कि इस अवसर पर टिकारी राज से जुड़े कई ऐतिहासिक और सामाजिक पहलुओं पर प्रकाश डाला जाएगा तथा महाराजा के योगदान को याद किया जाएगा।