भव्यता के साथ निकलेगी प्रभु श्री राम की शोभायात्रा, लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद

WhatsApp Image 2026-03-22 at 6.24.47 PM

DHIRAJ.

श्री रामनवमी शोभा यात्रा में पुष्पक विमान, इंडिया गेट का भव्य मॉडल एवं भारत का आकर्षक नक्शा विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।- राजू वर्णवाल

गया। आगामी रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष प्रभु श्री राम की भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा पूरे शहर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। इस भव्य आयोजन में हाथी, घोड़े, ऊंट एवं सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे, जो गया नगर को पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर देंगे।
इस संबंध में आज श्री रामनवमी केंद्रीय पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक धर्म सभा भवन में संपन्न हुई, जिसमें आयोजन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई है।

केंद्रीय पूजा समिति के सक्रिय सदस्य डॉ. उदय कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष लगभग 3 लाख श्रद्धालुओं के शोभायात्रा में शामिल होने की संभावना है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इस बार महिला श्रद्धालुओं की सहभागिता ऐतिहासिक होगी। लगभग 251 महिलाओं का समूह एक समान वेशभूषा में लाल साड़ी एवं भगवा पगड़ी धारण कर, हाथों में पारंपरिक शस्त्र लिए शोभायात्रा में भाग लेंगी, जो भारतीय संस्कृति, शौर्य एवं एकता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 110 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोह लेंगे। विशेष रूप से उत्तराखंड से आई झांकियों में विष्णु अवतार, शिव तांडव, काली अवतार एवं भव्य आरती की मनोहारी प्रस्तुति दी जाएगी।
समिति के महामंत्री मणि लाल बारीक ने बताया कि शोभायात्रा के मार्गों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन मार्ग में श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे तथा सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मीडिया प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में पुष्पक विमान, इंडिया गेट का भव्य मॉडल एवं भारत का आकर्षक नक्शा विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अतिरिक्त दुर्गा रूप में शस्त्र धारण की भव्य झांकी शक्ति और आस्था का प्रतीक बनेगी। शोभायात्रा में 15 फीट ऊँची हनुमान जी, 21 फीट ऊँची भगवान श्रीराम एवं 12 फीट की आदियोगी शंकर जी की विशाल प्रतिमाएं एवं झांकियां श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करेंगी। इसके साथ ही मुंबई से आए कलाकारों द्वारा भजन गायकी की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो पूरे आयोजन को और अधिक भक्तिमय बनाएगी। देश के लगभग 20 राज्यों से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर इस आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करेंगे।
इस आयोजन की सफलता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस भव्य आयोजन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और रामभक्तों को इस ऐतिहासिक शोभायात्रा का बेसब्री से इंतजार है।
इस बैठक में श्री रामनवमी पूजा समिति के संस्थापक सदस्य बिठ्ठल मामा को श्रदांजलि अर्पित की गई है.
इस बैठक में डॉ. जयदीश शर्मा, संजू साव, कौशलेंद्र कुमार, मणिलाल वारिक, सुनिल बम्बयीया,भोला पटेल, हिमांशु कुमार, शशिकांत मिश्रा, मनीष सिंह, चंदन भदानी, राजू रजक, सुनील बम्बइया, सीमा सिन्हा, मुन्ना बजरंगी, कमाल वारिक, शशि कुमार चौरसिया, नवीन कुमार, शिशुपाल , अमित मोहन मिश्रा, बिगन बिस्कर्म, अजय कुमार राजू,मुक्ता मणि,बबलू आर्य, मुन्ना सिंह, राहुल कुमार, सूरज सिंह, गुंजन सिंह, वीणा गिरी, बीना गिरी, ममता गिरी, अर्पणा मिश्रा, करुणा सिंह, अर्पणा सिन्हा, इंदु प्रजापति, संगीता सिंह, रूपेश वर्मा, प्रताप सिंह, प्रशांत कुमार, गोले लाल जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।