42वां माँ मथुरासिनी महोत्सव संपन्न, भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
DHIRAJ GUPTA.
गया। माहुरी वैश्य मंडल के तत्वाधान में आयोजित 42वां माँ मथुरासिनी महोत्सव का तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली है।महोत्सव के अंतिम दिन माहुरी वैश्य मंडल भवन, गुरुद्वारा रोड, गया में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होकर रात 11:00 बजे तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित हुए और माँ मथुरासिनी का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है। इस कार्यक्रम में समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में माहुरी वैश्य मंडल, माहुरी वैश्य मंडल नवयुवक समिति एवं माहुरी वैश्य मंडल महिला समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों तथा समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया है।महोत्सव के सफल संचालन में महोत्सव संयोजक संतोष कुमार बरहपुरिया, महोत्सव कोषाध्यक्ष प्रदीप वैश्यकार, माहुरी वैश्य मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार पवनचौध तथा माहुरी वैश्य मंडल के सचिव अमित कुमार पिंटू सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर माहुरी वैश्य मंडल के सचिव अमित कुमार पिंटू द्वारा मंडल के सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाज के लोगों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही यह महोत्सव भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न हो सका है।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा तथा माँ मथुरासिनी के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
