जमीनी विवाद में युवक की मौत, नामजद आरोपी गिरफ्तार
PREM.
परैया : थाना क्षेत्र के ग्राम खीरी में लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद एक युवक की मौत पर जाकर खत्म हो गया। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है, जब पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से झगड़ा हो गया। मृतक की पहचान रंजीत यादव के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतक के पिता रामदयाल यादव ने परैया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनका बेटा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान अखिलेश कुमार और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे बुरी तरह घायल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसके ऊपर स्कॉर्पियो चढ़ा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रंजीत यादव को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के पिता द्वारा दिए गए आवेदन में अखिलेश कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने बताया कि मृतक रंजीत यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में अब तक छह मामलों की जानकारी सामने आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी अखिलेश कुमार को बेला से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
