मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना बच्चों के संपूर्ण विकास हेतु एक बड़ी पहल:- डीईओ
विश्वनाथ आनंद .
औरंगाबाद ( बिहार)-जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय के बच्चों के समूह को जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर शैक्षणिक परिभ्रमण पर रवाना किया। इस संबंध में मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार की अत्यंत प्रभावी योजना “मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना” बच्चों के सर्वांगीण विकास में काफी सहायक हो रही है। बच्चे आस पास के ऐतिहासिकधार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों से रूबरू होकर एवं वहां के तथ्यों को जानकर अपने ज्ञान को समृद्ध करते हैं।शैक्षणिक परिभ्रमण उनके मानस पटल को विस्तृत बनाती है जो उन्हें और वस्तुनिष्ठ भी बनाती है।
वही विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक परिभ्रमण को लेकर बच्चे काफी उत्साहित रहते है। नई शिक्षा नीति 2020 के आलोक में शैक्षणिक समझ को क्लासरूम के बाहर ले जाना है।किताबों में निहित विषयवस्तु को परिवेश के फिजाओं में ले जाकर उन्हें अंतर्संबंधित करना है। यह प्रविधि ज्ञान को बच्चे के मानस पटल में स्थायी जगह प्रदान करती है। उन्होंने आगे बताया कि विद्यालय के बच्चे नोटबुक एवं कलम के साथ साथ प्रकृति के सौन्दर्य का अवलोकन करेंगे और कलमबद्ध भी करेंगे।आसपास के सांस्कृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक विराटता के बीच होने का एहसास बच्चों को काफी समृद्ध बनाती है। शैक्षणिक परिभ्रमण में बहैसियत गाइड विद्यालय की शिक्षिकाएं शारदा सिंह, चंद्रमा सिंह, करुणा सिन्हा एवं ज्योति मौर्या ने बच्चों को उपयोगी जानकारियां प्रदान करेंगी।
