मारपीट मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
chandan mishra.
शेरघाटी। शेरघाटी थाना क्षेत्र के भोजपुरिया गांव से पुलिस ने मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।थाना अध्यक्ष मोहन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भोजपुरिया गांव निवासी विनोद चौधरी मारपीट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को उसके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके पश्चात उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर पहले ही थाना में मामला दर्ज था और आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।