Let’s Inspire Bihar पहुंचा बेंगलुरू, ‘स्टार्ट-अप क्लब’ के स्थायी कार्यालय का हुआ उद्घाटन

download

एस के राजीव ।

बेंगलुरू में Let’s Inspire Bihar के अंतर्गत स्थापित ‘स्टार्ट-अप क्लब’ के स्थायी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में क्लब के संस्थापक सह मुख्य समन्वयक आशुतोष कुमार जी को बधाई देते हुए मैंने कहा कि उनके प्रयास से बिहार के अनेक युवा उद्यमी प्रेरित एवं लाभान्वित हो रहे हैं तथा एक व्यापक स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में भी हम आगे बढ़ रहे हैं । इस अवसर पर मैंने सभी को बताया कि पूर्व में 25 दिसंबर, 2022 को बेंगलुरू में आयोजित बिहार संवाद में मैंने उपस्थित आईटी सेक्टर से जुड़े सभी प्रोफेशनल्स से बिहार में आईटी स्टार्ट-अप्स के मार्गदर्शन के लिए संरचना के निर्माण हेतु आह्वान किया था ।

इस संवाद के कुछ दिन पश्चात ही 12 जनवरी, 2023 को सीतामढ़ी के मूल निवासी आशुतोष कुमार जी के द्वारा लगभग 1,000 आईटी प्रोफेशनल्स को व्हात्सएप समूह में जोड़कर एक वर्चुअल बैठक के माध्यम से स्टार्ट-अप क्लब (सोफ्टवेयर क्लब) का शुभारंभ किया गया था । उसी समय से नियमित रूप से अनेक सफल उद्यमियों द्वारा इस मंच के माध्यम से युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाता रहा है तथा जुड़े आईटी प्रोफेशनल्स संख्या भी बढ़ती रही है । क्लब के कार्यालय के स्थापित हो जाने से निश्चित ही स्थापित संरचना को और सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी । ऐसे निःस्वार्थ प्रयासों से आने वाले भविष्य में बिहार में वांछित उद्यमिता की क्रांति लाने में हम सभी निश्चित ही सफल हों सकेंगे । यात्रा गतिमान है !