रेवई में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का किया गया आयोजन
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी (बिहार )- गया जिला के टिकारी प्रखंड अंतर्गत डिहुरा पंचायत के रेवई ग्राम में माँ निर्दोष सेवा केंद्र के सचिव हिमांशु शेखर एवं स्वामी विवेकानंद मिशन स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार के संयुक्त प्रयास से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन राजकीयकृत मध्य विद्यालय, रेवई के प्रांगण में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर का उद्घाटन आयोजक हिमांशु शेखर, निदेशक मुकेश कुमार, प्राचार्य प्रेम प्रकाश सिंह, डॉ. अपराजिता कुमारी, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. पी. के. भोला, डॉ. मित्युंजय कुमार, डॉ. मुबीन, डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. ओम कुमार, कांग्रेस नेता बृजमोहन शर्मा एवं डॉ. नवनीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजक द्वारा सभी चिकित्सकों एवं अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय अथर्व ने किया।शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. अपराजिता कुमारी ने कहा कि महिलाएं परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन अक्सर अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देती हैं। पुरुषों का भी दायित्व है कि वे महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
वहीं डॉ. पी. के. भोला ने एक्यूप्रेशर पद्धति से कई मरीजों का उपचार किया एवं लोगों कों इस पद्धति के बारें में बताया ।शिविर में लगभग चार सौ मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। शुगर और रक्तचाप (बीपी) की जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। अनुमंडल अस्पताल, टिकारी की ओर से स्वास्थ्यकर्मियों की एक टीम तैनात रही तथा आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था भी की गई।अपने संबोधन में आयोजक हिमांशु शेखर ने कहा कि शिविर में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति अभी भी पूर्णतः संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत सिद्ध होते हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सतेन्द्र नारायण, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजमोहन शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि सह राजद नेता अशोक आज़ाद, पंचायत समिति सदस्य कविन्द्र सिंह, मुन्ना सिंह, गोह महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद सिंह, वरुण सिंह, विमलेश सिंह, रंजय सिंह, अश्विनी कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।