कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज में पीएम किसान सम्मान निधि के ऑनलाइन प्रसारण पर कार्यक्रम आयोजित
चंद्रमोहन चौधरी .
बिक्रमगंज। कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के धनगाई फार्म पर पीएम किसान सम्मान निधि का ऑनलाइन प्रसारण सह वैज्ञानिक किसान वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 350 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज के प्रधान आर के जलज ने किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र सरसों की खेती के लिए अग्रिम पंक्ति समूह परियोजना के तहत बीज मुहैया करा रही है। जिसको गांव में सामूहिक स्तर पर लगाया जा सकता है। खाद एवं बीज बिक्री केंद्र की स्थापना हेतु डिप्लोमा सर्टिफिकेट की पढ़ाई केंद्र के द्वारा फरवरी 2026 से कराई जाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित डॉ रमाकांत सिंह, मृदा वैज्ञानिक ने किसानों को प्राकृतिक खेती के प्लाट को दिखाया और इसमें लगने वाले सभी अवयव को बनाने की जानकारी दी।उन्होंने केंद्र के द्वारा चलाए जा रहे किसानोंपयोगी कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को दी।
उपस्थित किसानों ने लाइव टेलीकास्ट को ध्यान पूर्वक सुना और किसानों को दी जा रही आर्थिक सहायता की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम में जीविका समूह की महिलाएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित थी। जिन्हें संबोधित करते हुए उद्यान वैज्ञानिक डॉ रतन कुमार ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र अब उन्हें सब्जी के बीज एवं पौधे भी मुहैया कराएंगी। उन्होंने पपीता की खेती करने पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। कहा कि शिमला मिर्च के पौधे अब केंद्र के द्वारा जीविका दीदी को दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नए पौधों के निर्माण एवं सब्जी पौधशाला की उन्नत प्रभेद की जानकारी प्रशिक्षण के उपरांत जीविका दीदी को उपलब्ध कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य कर्मी एचपी शर्मा, प्रवीण कुमार, राकेश कुमार, नवीन कुमार इत्यादि उपस्थित थे।