कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज में पीएम-किसान निधि योजना का किसानों ने सुना सीधा प्रसारण

चंद्रमोहन चौधरी.
बिक्रमगंज .कृषि विज्ञान केंद्र, बिक्रमगंज में “पीएम-किसान सम्मान निधि योजना” की 20वीं किस्त के राष्ट्रीय स्तर पर सीधा प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी, उत्तर प्रदेश से किया गया। जिसे देश भर के लाखों किसानों ने लाइव देखा। इस अवसर पर जिले के सैकड़ों किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त रूप से केंद्र प्रभारी आर जलज एवं समाजसेवी चिकित्सक डॉक्टर अरुण कुमार द्वारा की गई। किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे 9.7 करोड़ किसानों के खातों में स्थानांतरित की। इस किस्त में विशेष ध्यान महिला किसानों पर दिया गया, जिनमें 2.26 करोड़ से अधिक लाभार्थी महिलाएं रहीं। रोहतास जिले में भी हजारों किसानों को इस किस्त का लाभ मिला, जिससे क्षेत्र में प्रसन्नता और उत्साह का वातावरण रहा। किसानों को बताया गया कि अब तक पीएम किसान योजना के अंतर्गत ₹3.89 लाख करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से दी जा चुकी है। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड, उर्वरक उपयोग की वैज्ञानिक जानकारी, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण और कृषि बीमा योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
किसानों को “किसान-ई-समित्र” AI चैटबॉट के माध्यम से योजनाओं की जानकारी कैसे प्राप्त की जा सकती है, इसका भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बताया गया कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने हेतु 2025-26 के लिए बजट ₹1.27 लाख करोड़ किया है, जो 2013-14 के मुकाबले लगभग 5.59 गुना अधिक है। ई-नाम, एफपीओ, कृषि अवसंरचना निधि, पीएम फसल बीमा योजना आदि योजनाएं किसानों की आय में वृद्धि के लिए क्रांतिकारी साबित हो रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित केंद्र के बढ़िया वैज्ञानिक आर जल्द के द्वारा बताया गया कि इस माह में मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन, एवं नए फल पौधों के निर्माण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिले के इच्छुक किसान इसमें भाग ले सकते हैं। केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डॉ रतन कुमार ने केंद्र के द्वारा हर समय मौसमी सब्जियों के पौधों की उपलब्धता की जानकारी किसानों को दी। उन्होंने कहा कि केंद्र के द्वारा अब सभी मौसमी सब्जियों के पौधे किसानों को हर समय उपलब्धता के आधार पर दिए जाएंगे। जिले के महिला एवं पुरुष कृषकों में लाल बाबू सिंह अर्जुन सिंह धनंजय सिंह छोटे कुमार निराला पंकज सिंह दीपक कुमार आशा देवी सुनैना देवी कृतिका देवी सुनील कुमारी इत्यादि सहित करीब 300 किसान उपस्थित थे। किसानों ने इस पीएम सम्मन निधि योजना की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद ज्ञापित किया। किसानों ने बताया कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद कर रही है और खेती में निरंतरता बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो रही है। धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर रतन कुमार के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्र के अन्य पदाधिकारी प्रवीण पटेल, अभिषेक कौशल, हरेंद्र प्रसाद शर्मा, श्री सुबेश कुमार, राकेश कुमार, नवीन कुमार इत्यादि उपस्थित थे।