गरीबों के बीच वितरण किया कंबल
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी (बिहार)- टिकारी नगर व्यवसायिक संघ के तत्वावधान में थाना के समीप देव नगरी वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक प्रखर राष्ट्रवादी स्व0 पं मदन मोहन मालवीय एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती मनाई गई, साथ ही चौदहवें समर्पण – समारोह के मौके पर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण सह ” खुशी बांटो खुश रहो” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ भारती, काशी हिन्दू विश्विद्यालय के संस्थापक महामना स्व पं मदन मोहन मालवीय एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण के उपरांत पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम के संयोजक गौरी शंकर केशरी, नगर परिषद के सभापति मो. अजहर इमाम, वरिष्ठ पत्रकार पं राम कृष्ण त्रिवेदी, जफर बारी उर्फ छोटू मियां, लाल बाबू पासवान, पीयूष वर्मा द्वारा संयुक्त रुप से किया।कार्यक्रम के दौरान ” खुशी बांटो खुश रहो” विषय पर विचार गोष्ठी में विषय वस्तु की बात रखते हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार पं राम कृष्ण त्रिवेदी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना पं मदनमोहन मालवीय एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी बाजपेई की जीवनी एवं देश दुनियां के प्रति उनके योगदानों को विस्तार से पटल पर रखने के उपरांत विषय वस्तु ” खुशियां बांटो खुश रहो” पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जो भी हम किसी को देते हैं वहीं वापस हमारे पास लौट कर आता है।यदि खुशियां बांटते हैं तो हमें भी खुशी ही मिलेगी।
उन्होंने कहा कि चिरागे शराफत जलाते चलो , मुश्क और मोहब्बत लुटाते चलो।” त्रिवेदी ने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि भगवान श्रीकृष्ण की तरह निश्छल मुस्कान के साथ लोगों के सुख दुःख में शामिल हो उनके दुःख को हर लें और खुशियां बांटे। वहीं कार्यक्रम के संयोजक गौरी शंकर केशरी ने विषय वस्तु पर विस्तार से अपने उदगारों को व्यक्त करते हुए दीनबंधुओं के दिल को छू लेने की भरसक कोशिश की। मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद टिकारी के सभापति अजहर ईमाम ने काफी भावुकता के साथ मौके पर मौजूद दीनबंधुओं को प्रेरित करते हुए अपनी भावनाओं से अवगत कराया। नगर पंचायत टिकारी के पूर्व उपाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा उर्फ धन्नू सामाजिक कार्यकर्ता,मो जफर बारी अंसारी उर्फ छोटू मियां, वार्ड पार्षद शिवपूजन मांझी,पीयूष कुमार वर्मा, लाल बाबु पासवान , जानकी बाबा, घनश्याम कुमार, राजेश कुमार, दीनानाथ यादव, सहित कई प्रबुद्ध जनों ने अपने विचारों को ब्यक्त किया। वहीं कार्यक्रम के अन्तराल में नगर व्यवसायिक संघ की ओर से संयोजक गौरी शंकर केशरी द्वारा सभापति अजहर ईमाम को अंग- वस्त्र एवं अटल जी की तस्वीर प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में जरूरतमंदों को अल्पाहार प्रदान करने के उपरांत उनके बीच कंबल का वितरण किया गया।समर्पण समारोह के तहत विचार गोष्ठी सह कंबल वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार पं राम कृष्ण त्रिवेदी ने की जबकि संचालन युवा सामाजिक कार्यकर्ता सुशील कुमार मिश्रा ने किया।गणमान्य दानदाताओं, एवं जरूरतमंद दीनबंधुओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापन नगर व्यवसायिक संघ सह कार्यक्रम के संयोजक गौरी शंकर केशरी ने किया।टिकारी नगर व्यावसायिक संघ ने पंडित स्वर्गीय मदन मोहन मालवीय एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जयंती पर गरीबों के बीच वितरण किया कंबल.