केसपा पशु चिकित्सालय का किया गया औचक निरीक्षण

WhatsApp Image 2026-04-09 at 5.21.49 PM

विश्वनाथ आनंद .
टेकारी (बिहार)- पशुपालन विभाग की व्यवस्था को धरातल पर परखने के उद्देश्य से जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. सुनील राय ने टिकारी अंतर्गत विभिन्न पशु चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया । धर्मशाला, टिकारी, कोंच, आतीं एवं मऊ के पशु अस्पतालों का जायजा लेने के बाद वे मां तारा नगरी केसपा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय की स्थिति का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डॉ. राय ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार पशुपालकों के हितों के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या असुविधा की सूचना तत्काल दें, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की सूची शीघ्र ही सूचना पट पर प्रदर्शित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

इस दौरान ग्रामीण हिमांशु शेखर के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए डॉ. राय ने केसपा गांव में पशुओं के लिए विशेष बांझपन शिविर जल्द आयोजित कराने का आश्वासन दिया, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को विशेष लाभ मिलेगी।निरीक्षण के उपरांत डॉ. राय ने मां तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नमन किया। हिमांशु शेखर ने उन्हें गांव की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया। मंदिर परिसर में उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथि पुस्तिका में अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. राय ने लिखा कि इस पावन स्थल पर आकर उन्हें अद्भुत शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई।