सहारा इंडिया समूह की संपत्तियों को लेकर दादरी तहसील प्रशासन ने नीलामी की सूचना जारी की

WhatsApp Image 2026-03-11 at 3.58.08 PM

VIVEK RANJAN .

नोएडा से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लंबे समय से वेतन न मिलने को लेकर आंदोलन कर रहे सहारा मीडिया के कर्मचारियों के मामले में अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बकाया भुगतान न होने के कारण सहारा इंडिया समूह की संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दरअसल, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थित सहारा इंडिया समूह की संपत्तियों को लेकर दादरी तहसील प्रशासन ने नीलामी की सूचना जारी की है। प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन और सहारा इंडिया टीवी नेटवर्क पर कर्मचारियों का करोड़ों रुपये का बकाया है। सहारा मीडिया के कर्मचारी पिछले 8 महीनों से नोएडा स्थित सहारा परिसर में शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हुए हैं। कर्मचारी लगातार अपने वेतन और बकाया भुगतान की मांग कर रहे हैं। इस मामले में अप्रैल 2025 से श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा लगातार रिकवरी चालान भी काटे गए, लेकिन उसके बावजूद कर्मचारियों के बकाया का भुगतान नहीं किया गया। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाते हुए सहारा इंडिया के नोएडा सेक्टर-11 स्थित परिसर की कुछ संपत्तियों को कुर्क कर नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जारी नीलामी सूचना के मुताबिक, सहारा इंडिया कॉम्प्लेक्स में स्थित प्लॉट नंबर C-2, C-3 और C-4 को नीलामी में शामिल किया गया है। इन संपत्तियों की आरक्षित कीमत भी करोड़ों रुपये में तय की गई है। प्रशासन के अनुसार, इन संपत्तियों की नीलामी 7 अप्रैल 2026 को तहसील दादरी परिसर में की जाएगी। कर्मचारियों की प्रतिक्रिया धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से अपने हक की लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से लड़ रहे हैं।

कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और श्रम विभाग की कार्रवाई के बावजूद अब तक उनका बकाया वेतन नहीं मिला है।
अब सभी की नजर 7 अप्रैल को होने वाली इस नीलामी पर टिकी है।देखना होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सहारा मीडिया के कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन कब तक मिल पाता है।