गन्ना उत्पादन बढ़ाने को लेकर किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Image 2026-02-16 at 5.46.11 PM

विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार)- टिकारी प्रखंड अंतर्गत मां तारा नगरी केसपा स्थित मंदिर प्रांगण में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने एवं किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार तथा प्रगतिशील कृषक समूह के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में गन्ना प्रसार पदाधिकारी गया नरेंद्र कुमार, गन्ना प्रसार पदाधिकारी औरंगाबाद अरविंद कुमार एवं सहायक निदेशक परेन्द्र गर्ग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बिहार राज्य गन्ना उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान गन्ना फसल के लिए उन्नत बीज, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अनुदान का लाभ विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित किसान सुनील सिंह, रामदीप सिंह एवं मनीष कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे गन्ना की खेती कर परंपरागत खेती की तुलना में कई गुना अधिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। प्रगतिशील किसान समूह के संचालक श्याम नंदन ने भी किसानों को गन्ना खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि टिकारी में केंद्रीय विश्वविद्यालय के समीप केंद्र सरकार की सैकड़ों एकड़ खाली पड़ी जमीन पर विभाग द्वारा चीनी मिल की स्थापना पर विचार किया जा सकता है, जिससे स्थानीय किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। किसानों ने सिंचाई सुविधा, उन्नत बीज की उपलब्धता एवं गन्ना भुगतान समय पर सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग तत्पर है और गन्ना खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में रविन्द्र शर्मा, मुकुल शर्मा, संजय शर्मा, रहीश यादव, विजय शर्मा, राजीव शर्मा सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे। अंत में किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।