फ्रांस के पर्यटकों ने किया माँ तारा नगरी केसपा का भ्रमण,पर्यटकों में देखा गया खुशी का माहौल
विश्वनाथ आनंद .
टेकारी( बिहार )-गया जी जिला के टिकारी अनुमंडल स्थित केसपा में फ्रांस से आई पर्यटकों की एक टोली ने जगत ट्रेवल्स के सौजन्य से माँ तारा नगरी का भ्रमण किया। टोली में मारिए ऑडिले, इसबेल्ले, एनी और क्लाऊदीने शामिल थीं। भ्रमण के दौरान गाइड राकेश कुमार उर्फ छोटू उनके साथ रहे।पर्यटकों ने सर्वप्रथम केसपा स्थित माँ तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला से किया गया।मंदिर परिसर में उन्होंने अतिथि टिप्पणी पुस्तिका में अपने अनुभव दर्ज करते हुए यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति एवं ग्रामीण आतिथ्य की सराहना की।
इस अवसर पर ग्रामीण प्रो. अरुण शर्मा, हिमांशु शेखर एवं विक्रम कुमार में होने गांव की प्राचीन धरोहर से अवगत कराया।इसके पश्चात उन्होंने कमल के फूल के साथ स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा तथा गरुड़ पर विराजमान भगवान विष्णु के मंदिर का भी दर्शन किया। विदेशी पर्यटकों ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और ग्रामीण परिवेश को करीब से जानने में विशेष रुचि दिखाई।भ्रमण के क्रम में टोली ने बोहिया मध्य विद्यालय पहुँचकर बच्चों से संवाद किया तथा उनके बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गण एवं ग्रामीण अरुण यादव उपस्थित रहे।स्थानीय लोगों ने विदेशी मेहमानों का पारंपरिक स्वागत किया। समाजिक कार्यकर्त्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय भ्रमण से क्षेत्र की पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ती है, तथा पर्यटन को प्रोत्साहन मिलता है।