गया शहर भगवा ध्वजों से होगा अलंकृत, रामनवमी शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी
DHIRAJ .
गया जी।आगामी राम नवमी के पावन अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से श्री राम नवमी केंद्रीय पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक धर्मसभा भवन, गया में सम्पन्न हुई। बैठक में पूरे शहर को भगवा ध्वजों से सजाने, शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाने तथा सभी समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया है।
इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के कार्याध्यक्ष क्षितिज मोहन सिंह ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर गया शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मर्गों एवं मंदिरों को भगवा ध्वजों और धार्मिक सजावट से अलंकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अनुसार शहर के प्रत्येक मुहल्ले में भगवा ध्वज लगाए जाएंगे, जिससे संपूर्ण शहर में धार्मिक आस्था, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण का संचार होगा। उन्होंने सभी झंडा समितियों एवं आयोजन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 20 तारीख तक प्रशासन से आवश्य लाइसेंस प्राप्त कर लें, ताकि शोभायात्रा के आयोजन में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। इस बैठक में मातृ शक्ति की सक्रिय भागीदारी को लेकर भी विशेष चर्चा हुई है। निर्णय लिया गया कि महिला टीम गया शहर के विभिन्न मुहल्लों में संपर्क अभियान चलाकर मातृ शक्ति को शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेगी। साथ ही उनसे आग्रह किया जाएगा कि वे भारतीय पारंपरिक परिधान एवं सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ शोभायात्रा में भाग लेकर इसे और अधिक गरिमामय और भव्य बनाएं।
केंद्रीय समिति के अध्यक्ष राजू वर्णवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय समिति द्वारा गया शहर की सभी झंडा समितियों के साथ बैठक कर जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों से उन्हें अवगत करा दिया गया है। उन्होंने सभी नगर मंत्रियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे रामनवमी का पर्व पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा सके।
समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में देश के लगभग 16 राज्यों से कलाकार शामिल होंगे, जो अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि शोभायात्रा में भाग लेने वाले सभी कलाकार हिंदू संस्कृति और परंपराओं से जुड़े हों। इसके साथ ही आदि शंकर की भव्य प्रतिमा इस वर्ष शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होगी।
इस बैठक के अंत में समिति के मीडिया प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि अगली बैठक 22 तारीख को धर्मसभा भवन में आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 17 तारीख को अनुमंडल पदाधिकारी के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रशासनिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से सम्पन्न हो।
इस बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि इस वर्ष गया की रामनवमी शोभायात्रा को भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक वैभव के साथ ऐतिहासिक बनाया जाएगा, ताकि यह पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन सके।
इस मौके पर डॉ जयदीश शर्मा, क्षितिज मोहन सिंह, समिति के अध्यक्ष राजू वर्णवाल,संजू साव,कौशलेंद्र कुमार,मणिलाल वारिक, भोला पटेल,हिमांशु कुमार,शशिकांत मिश्रा, मनीष सिंह,चंदन भदानी, राजू रजक,सुनील बम्बइया, सीमा सिन्हा, मुन्ना बजरंगी, कमाल वारिक, शशि कुमार चौरसिया, नवीन कुमार, शिशुपाल जी,अमित मोहन मिश्रा,बिगन बिस्कर्म,अजय कुमार राजू, बबलू आर्य,मुन्ना सिंह, राहुल कुमार,सूरज सिंह,गुंजन सिंह,वीणा गिरी,बीना गिरी,ममता गिरी,अर्पणा मिश्रा,करुणा सिंह,अर्पणा सिन्हा,इंदु प्रजापति,संगीता सिंह,रूपेश वर्मा,प्रताप सिंह,प्रशांत कुमार,गोले लाल जी आदि मौजूद रहे हैं.
