आईआईएम बोधगया और ऑटोमेशन एनीवेयर की साझेदारी, छात्रों को मिलेगी एआई आधारित शिक्षा
विश्वनाथ आनंद .
गया जी (बिहार)-आईआईएम बोधगया और इंटेलिजेंट ऑटोमेशन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानी-मानी कंपनी ऑटोमेशन एनीवेयर ने 19 जनवरी 2026 को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस एमओयू पर हस्ताक्षर आईआईएम बोध गया की निदेशक डॉ. विनिता एस. सहाय और ऑटोमेशन एनीवेयर के प्रिंसिपल प्रोडक्ट मैनेजर श्री देवन देशपांडे की उपस्थिति में किए गए। इस अवसर पर ऑटोमेशन एनीवेयर के अकादमिक एलायंस मैनेजर श्री बी. जी. नागराजा तथा आईआईएम बोध गया की आईटी समिति की अध्यक्ष डॉ. चारु नैथानी भी उपस्थित रहीं।इस रणनीतिक साझेदारी के तहत, ऑटोमेशन एनीवेयर आईआईएम बोध गया के छात्रों को पढ़ाई और शोध के लिए अपने सॉफ्टवेयर (SaaS) प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की सुविधा देगा, साथ ही प्रोसेस ऑटोमेशन से जुड़े सर्टिफिकेशन के अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
इस सहयोग के माध्यम से मौजूदा पाठ्यक्रमों में ऑटोमेशन तकनीकों को शामिल किया जाएगा, वहीं ऑटोमेशन एनीवेयर संस्थान को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित सेशंस और कोर्स तैयार करने में भी मदद करेगा। इस साझेदारी से छात्रों को ऑटोमेशन एनीवेयर के दुनिया भर के ग्राहकों के अनुभवों और जानकारियों के माध्यम से उद्योग से जुड़ी महत्वपूर्ण समझ और व्यावहारिक सीख मिलेगी।एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद, ऑटोमेशन एनीवेयर ने प्रोफेशनल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहल के तहत एमबीए प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए एजेंटिक प्रोसेस ऑटोमेशन पर एक इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया। इस दौरान प्रोफेसर्स ने मिलकर पाठ्यक्रमों के संयुक्त विकास पर चर्चा की, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि संस्थान नवीन तकनीकी क्षमताओं से लैस, भविष्य के लिए तैयार व्यवसायिक नेतृत्व तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।