विद्यालय संस्थापक गोपाल सिंह की दसवीं स्मृति समारोह आयोजित
विश्वनाथ आनंद .
टिकारी( बिहार )- टिकारी अनुमंडल अंतर्गत कोंच स्थित प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व प्राचार्य स्वर्गीय गोपाल सिंह की दसवीं स्मृति समारोह श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने स्व. गोपाल सिंह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने काव्य पाठ एवं संगीत प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। स्व. गोपाल सिंह के पुत्र एवं कार्यक्रम के मुख्य आयोजक प्रमोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र देकर किया।
उद्घाटनकर्ता सह मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अजय कुमार दांगी ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकारी कर्मियों से अपने पद के अनुरूप दायित्व निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
पूर्व प्राचार्य शत्रुघ्न शर्मा ने शिक्षा स्तर में सुधार के लिए समाज की सकारात्मक भूमिका पर बल दिया। पूर्व जिला पार्षद सतेन्द्र नारायण ने स्व. गोपाल सिंह के बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता जताई। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने स्मृति समारोह को वार्षिकोत्सव के रूप में मनाने का सुझाव दिया, जिस पर उपस्थित सभी अतिथियों ने सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य तरुण कुमार ने की, जबकि संचालन निलेश कुमार ने किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. विजय नारायण सिंह, पत्रकार संजय अथर्व, शिव कुमार चौहान, दिलीप पासवान, समीर चावला, सरफराज आलम, रजनीकांत कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।