जीबीएम कॉलेज में दो दिवसीय ध्यान तथा योग शिविर का हुआ समापन

WhatsApp Image 2026-04-10 at 7.29.25 PM

DHIRAJ.

-महाविद्यालय परिवार ने योगाभ्यास द्वारा विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को संतुलित तथा प्रसन्न रखने के तरीके सीखे

गया जी। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई (एनएसएस), सेहत केन्द्र, एवं सहज योग संस्था द्वारा लगाए गए दो दिवसीय ध्यान तथा योग शिविर के अंतिम दिन योग प्रशिक्षका सुषमा विजयवर्गीय, मीता आर. भूटिया, मंगल रावत एवं विद्या क्षीरसागर ने ध्यान तथा मन की एकाग्रचित्तता द्वारा कुंडलिनी जाग्रत करने की प्रक्रिया समझायी। मानसिक तनाव से मुक्त होने के लिए तथा परमात्मा से जुड़ने के लिए ध्यान तथा योग की विभिन्न विधियाँ सिखलाई गयीं। योग शिविर का आयोजन प्रधानाचार्या डॉ सीमा पटेल, एनएसएस प्रोग्राम अॉफिसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी एवं सेहत केन्द्र की नोडल अॉफिसर डॉ प्रियंका कुमारी की देखरेख में सम्पन्न हुआ है।

योग प्रशिक्षकों ने मूलाधार चक्र से अबोधिता, स्वाधिष्ठान चक्र से सृजनात्मकता, नाभि चक्र से उत्क्रांति, अनाहत चक्र से सुरक्षा, विशुद्धि चक्र से सामूहिकता, आज्ञा चक्र से क्षमाशीलता, सहस्रार चक्र से समन्वयन की क्षमता के प्रभावित होने की प्रक्रिया को सचित्र समझाया है। सुषमा विजयवर्गीय ने कहा कि मनुष्य को स्वयं के भीतर निहित दुष्प्रवृत्तियों को धरती और आकाश को समर्पित करके, भूतकाल और भविष्य काल की चिंताओं को पीछे छोड़ कर वर्तमान काल में जीना चाहिए। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास द्वारा विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को संतुलित तथा प्रसन्न रखने के तरीके सीखे। प्रधानाचार्या ने योग प्रशिक्षिकाओं को आश्वस्त किया कि छात्राओं के हितार्थ अॉनलाइन माध्यम से भी योग सत्र आयोजित करते रहेंगे। उन्होंने जीवन की आपाधापी में स्वयं से जुड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी को योग से जुड़े रहने की सलाह दी है।
कॉलेज की एनएसएस वॉलेंटियर अनीषा, गीतांजलि, सिमरन, अंजली आदि के साथ बर्सर डॉ सहदेब बाउरी, परीक्षा प्रभारी डॉ प्यारे माँझी, मनोविज्ञान विभाग की प्रीति शेखर, डॉ शुचि सिन्हा एवं डॉ प्रमिला कुमारी, अंग्रेजी विभाग की डॉ शबाना परवीन हुसैन, दर्शन शास्त्र विभाग की डॉ जया चौधरी एवं डॉ आशुतोष कुमार पांडेय, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ वीणा कुमारी जायसवाल, डॉ विजेता लाल, डॉ फातिमा, उर्दू विभाग की डॉ नुद्रतुन निसां, भौतिकी विभाग की डॉ सपना पांडे, डॉ दीपिका, राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ वीणा कुमारी, शिक्षकेतर कर्मियों में डॉ रूही खातून, विक्रम कुमार, अभिषेक कुमार, रौशन कुमार, नीरज कुमार, राकेश कुमार, चिंता देवी व अन्य ने काफी रुचि के साथ योग तथा ध्यान शिविर का लाभ उठाया है। डॉ रश्मि ने धन्यवाद ज्ञापन किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्या के निर्देश पर ध्यान तथा योग शिविर का आयोजन महाविद्यालय में चल रही आंतरिक परीक्षाओं के उपरांत संध्या साढ़े चार बजे से किया गया। छात्राओं तथा शिक्षिकाओं ने शरीर में ईड़ा नाड़ी, पिंगला नाड़ी, सुषुम्ना नाड़ी की भूमिका से संबंधित प्रश्न पूछे।