हीट स्ट्रोक और चमकी बुखार पर स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

WhatsApp Image 2026-04-07 at 6.19.13 PM

DHIRAJ.

सिविल सर्जन के निर्देश पर वरीय स्वास्थ्य पदाधिकारियों की टीम हुई गठित

गया।जिला में प्रचंड गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक तथा चमकी बुखार के त्वरित उपचार की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग सर्तक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी प्रखंडों में एएनएमए आशा,आंगनबाड़ी सेविकाएं व सहायिकाएं, सभी विद्यालयों से एक शिक्षक तथा सभी पंचायती राज संस्था सदस्यों के प्रशिक्षण तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक उपकरणों जैसे कूलर एवं जरूरी दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का काम किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ राजाराम प्रसाद के निर्देश पर वरीय स्वास्थ्य पदाधिकारियों की टीम गठित कर सभी प्रखंडों में प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया गया है।
पदाधिकारियों की तीन टीम हुई गठित:
सिविल सर्जन डॉ राजाराम प्रसाद ने बताया कि गरम हवाओं व लू के दौरान लोगों के स्वास्थ्य विशेष तौर पर बच्चों व धात्री माताओं की सुरक्षा एवं चमकी बुखार के मद्देनजर प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। गर्मी की शुरुआत हो गयी है। ऐसे में बच्चे, गर्भवती व धात्री माताएं, वृद्धजन तथा पहले से गंभीर बीमारी से ग्रसित लोग जोखिम में पड़ सकते हैं। इन्हें विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

बताया कि प्रशिक्षण को लेकर वरीय स्वास्थ्यकर्मियों की तीन टीम गठित की गयी है। एक टीम में दो लोग शामिल हैं। ए ​टीम में जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ एमई हक, तथा यूनिसेफ से संजय कुमार, बी टीम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ राजीव अंबष्ट , विश्व स्वास्थ्य संगठन एसएमओ, तथा सी टीम में जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार एवं पीरामल स्वास्थ्य से शुभम खेरे शामिल हैं। सभी प्रखंडों में टीम अलग—अलग तिथियों में प्रशिक्षण देगी। प्रशिक्षण के दौरान चमकी बुखार तथा हीट स्ट्रोक के कारण, क्या करें व क्या नहीं करें, दायित्व आदि पर चर्चा करनी है।
24 अप्रैल तक सभी प्रखंडों में प्रशिक्षण: *
डीपीएम नीलेश कुमार ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों में 24 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जाना है। सोमवार को डु​मरिया, खिजरसराय तथा मोहनपुर में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ​इमामगंज, बोधगया व बेलागंज में नौ अप्रैल, बांकेबाजार,​ टिकारी, नीमचक बथानी में 11 अप्रैल, आमस, कोंच व अतरी में 13 अप्रैल, मोहरा, शेरघाटी व गुरारू में 16 अप्रैल, वजीरगंज, परैया, गुरुआ में 18 अप्रैल, सदर प्रखंड, फतेहपुर व डोभी में 20 अप्रैल, बाराचट्टी, मानपुर व टनकुप्पा में 24 अप्रैल को प्रशिक्षण निर्धारित है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण को जानें:
डॉ एमई हक ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को लू तथा चमकी बुखार के लक्षणों की गहन जानकारी दी जा रही है। बताया कि हीट स्ट्रोक में तेज बुखार, बेहोशी, पसीना नहीं आना आदि शामिल है। इसके अलाव उल्टी व जी मिचलाना तथा सांस लेने में परेशानी होती है। हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर मरीज को तुरंत ठंडी जगह लिटा दें, शरीर को ठंडा रखने के लिए गीले कपड़े का उपयोग करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती करायें। आगे बताया कि चमकी बुखार से बचाव के लिए बच्चे को रात में भोजन जरूर करायें। चमकी बुखार की स्थिति में बच्चे के शरीर में तेज बुखार के साथ ऐंठन होता है। भीषण गर्मी में बच्चों का खाली पेट रहना और शरीर में पानी की कमी के कारण ऐसा होता है।