लगातार आठवीं बार निर्विरोध चुने गए जदयू प्रखण्ड अध्यक्ष सुरेश प्रसाद विद्यार्थी

WhatsApp Image 2026-02-23 at 5.56.35 PM

PREM KUMAR.

परैया प्रखण्ड के सटे डाकबंगला परिसर में सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) की संगठनात्मक बैठक सह चुनाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता सुरेश प्रसाद विद्यार्थी को लगातार आठवीं बार निर्विरोध प्रखण्ड अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्विरोध चयन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में जिला के पर्यवेक्षक सुरेश राव की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। बीएलओ अमरेश शर्मा की उपस्थिति में सर्वसम्मति से सुरेश प्रसाद विद्यार्थी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया। किसी अन्य प्रत्याशी के नामांकन नहीं होने के कारण उन्हें निर्विरोध प्रखण्ड अध्यक्ष घोषित किया गया।इस अवसर पर जदयू नेता वृजराज पाण्डेय, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्रवंशी, जदयू युवा प्रखण्ड अध्यक्ष गीतेश दांगी, भरत शर्मा, जिला महामंत्री कैलाश पासवान समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नवनिर्वाचित प्रखण्ड अध्यक्ष सुरेश प्रसाद विद्यार्थी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जदयू की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।