बालू खनन को लेकर जनसुनवाई, हरदासपुर बालू घाट के पर्यावरण पर हुई चर्चा
Correspondent.
परैया।बालू खनन से जुड़े मुद्दों को लेकर अपर जिला मजिस्ट्रेट (आपदा प्रबंधन) कुमार पंकज की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में हरदासपुर बालू घाट के संचालन से उत्पन्न पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने बालू खनन से नदी के कटाव, जलस्तर में गिरावट और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमों के तहत खनन संचालन और पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। अपर जिला मजिस्ट्रेट कुमार पंकज ने कहा कि बालू खनन कार्य पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई का उद्देश्य स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है।