नीट अभ्यर्थी गायत्री की मौत से समाज स्तब्ध- हिमांशु शेखर
विश्वनाथ आनंद .
गया जी( बिहार )- गया जी मगध प्रक्षेत्र स्थित जहानाबाद जिला के नीट की तैयारी कर रही छात्रा गायत्री की रहस्यमय मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर एवं राघवेंद्र रंजन ने जहानाबाद जिले के पतियामा ग्राम पहुंचकर मृतका के माता-पिता एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर गायत्री की मां ने भावुक होते हुए कहा कि “मेरी बेटी तो चली गई, लेकिन यह लड़ाई सिर्फ मेरी बेटी की नहीं है। यह देश की हर बेटी की सुरक्षा की लड़ाई है।” घटना के बाद से वह गहरे मानसिक सदमे में हैं। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा है। ग्रामीण अपने गांव की बेटी गायत्री को याद कर अपने आंसू रोक नहीं पा रहें है।
मृतका के पिता नवीन कुमार ने कहा कि इस जघन्य कांड के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, बावजूद इसके वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मैं अपनी आखिरी सांस तक अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ता रहूंगा। इस अपराध में शामिल दरिंदों के लिए फांसी के अलावा कोई सजा मुझे मंजूर नहीं है।”
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिली तो यह समाज और व्यवस्था दोनों की विफलता होगी। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की भी मांग की।