पत्रकार सुरक्षा को लेकर एकजुट हुए कलमकार, कार्रवाई की मांग तेज
CHANDAN .
शेरघाटी। पत्रकार के साथ हुई गाली-गलौज, धक्का-मुक्की एवं दुर्व्यवहार की घटना के विरोध में मंगलवार को श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले पत्रकारों ने एकजुटता दिखाई। डाक बंगला स्थित जेपी मेमोरियल स्कूल में आयोजित बैठक में घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता कौशलेंद्र कुमार ने की, जबकि संयोजक एसके उल्लाह उर्फ गुड्डू के नेतृत्व में चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आम जनता की आवाज उठाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ाती हैं, जिसे तत्काल रोकना जरूरी है।
बैठक में बाराचट्टी, डोभी, शेरघाटी, आमस सहित विभिन्न प्रखंडों से करीब 50 पत्रकार शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए जिला स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाने का निर्णय लिया।बैठक के उपरांत पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल शेरघाटी थाना पहुंचा, जहां थानाध्यक्ष मोहन कुमार से मिलकर घटना की जानकारी दी गई और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के 47वें स्थापना दिवस कार्यक्रम की कवरेज के दौरान प्रभात खबर के प्रतिनिधि नवीन कुमार मिश्रा के साथ रेलवे काउंटर से जुड़े कुछ दलालों ने अभद्र व्यवहार किया था। इस घटना के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी घटना की निंदा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
