सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को लेकर शांति समिति की हुई बैठक

WhatsApp Image 2026-01-21 at 6.10.45 PM

Prem kumar.

परैया थाना परिसर में बुधवार को आगामी गणतंत्र दिवस और सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु शांति समिति’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई इस बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने की ।बैठक के दौरान अंचला अधिकारी केशव किशोर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कई अहम निर्देश दिए और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सरस्वती पूजा के लिए पूजा समितियों को प्रशासन से अनिवार्य रूप से लाइसेंस प्राप्त करना होगा।

बिना पूर्व अनुमति के डीजे बजाने या सार्वजनिक पंडाल बनाने पर सख्त मनाही है। विसर्जन जुलूस या पूजा के दौरान डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही अश्लील गानों या किसी भी प्रकार के भड़काऊ संगीत पर रोक रहेगी। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी । 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में झंडोत्तोलन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। बैठक में परैया खुर्द पंचायत के मुखिया सुनील कुमार दाँगी, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पाण्डेय, प्रमुख जितेन्द्र नारायण, सरपंच महेंद्र यादव पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह, नौशाद मलिक, एस. आई. प्रशांत कुमार, राजेश यादव, लक्ष्मण सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, सीमा कुमारी विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन का सहयोग करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया।