मिशन रक्तदान हिंदुस्तान के तहत पथ प्रदर्शक का पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रक्तदान शिविर आयोजित
-रक्तदान को जन आंदोलन बनाने का प्रयास है मेरा : बमेन्द्र.
विश्वनाथ आनंद .
औरंगाबाद( बिहार )-हिन्दुस्तान में रक्तदान को जन आंदोलन बनाने के प्रयास में औरंगाबाद की स्वयं सेवी संस्था पथ प्रदर्शक द्वारा लगातार कई तरह के रक्तदान जागरूकता का अभियान चलाया जा रहा है,जिसमें प्रमुख रूप से एक अभियान है मिशन रक्तदान हिंदुस्तान।इस अभियान के तहत संस्था के संस्थापक सह सचिव बमेंद्र कुमार सिंह रक्तदान का अलख जगाने एवं रक्तदान को जन आंदोलन बनाने के उद्वेश्य से देश के अलग अलग राज्यों के भिन्न भिन्न शहरों में वहां की स्थानीय संस्था के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं। इसी कड़ी में पथ प्रदर्शक द्वारा सोमवार को मिशन रक्तदान हिन्दुस्तान अभियान के तहत पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आईडीबीआई बैंक आसनसोल एवं महादेव सेवा फाउंडेशन आसनसोल के सहयोग से आश्रम मोड़ आसनसोल स्थित आईडीबीआई बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन आईडीबीआई बैंक के प्रबंधक अनुप कुमार मिश्रा, पथ प्रदर्शक के संस्थापक सह सचिव बमेंद्र कुमार सिंह, महादेव सेवा फाउंडेशन के संस्थापक शिवम भगत,पथ प्रदर्शक के जमुई जिला इकाई के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बैंक प्रबंधक अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि वे रेयर ब्लड ग्रुप ओ नेगेटिव के नियमित रक्तदाता हैं और अब तक पैंतालिस बार रक्तदान कर चुके हैं और युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित भी करते हैं।उन्होंने बताया की पिछले दस वर्षों से पथ प्रदर्शक के रक्त सेवा से जुड़े हैं और जहां भी उनकी पदस्थापना होती है पथ प्रदर्शक के साथ मिलकर रक्तदान शिविर आयोजित कराते हैं।
आसनसोल में महादेव सेवा फाउंडेशन लगातार जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करा रहा है।संस्था के संस्थापक शिवम भगत ने बताया कि उन्होंने रक्त सेवा का एक ग्रुप बना कर सैकड़ों युवा एवं युवतियों को जोड़ा है और जरूरतमंद को तत्काल रक्त सेवा देते हैं।
रक्तसेवक बमेन्द्र ने कहा की हिंदुस्तान में रक्तदान को जन आंदोलन बनाने का प्रयास है मेरा,ताकि ब्लड बैंक में रक्त की किल्लत न हो और रक्त की कमी के कारण किसी की जान न जाए।उन्होंने बताया कि संस्था पथ प्रदर्शक द्वारा अभी तक दो सौ से ज्यादा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा चुका है।मिशन रक्तदान हिंदुस्तान के तहत यह आठवां राज्य का बीसवां रक्तदान शिविर है।शिविर में बैंक प्रबंधक अनूप कुमार मिश्रा, विकास कुमार, सोमेन रॉय, शैलेश कुमार सिंह, छोटू साव, विक्रम भगत , तपेश भगत,प्रशांत जेवियर ,मो सफूला अंसारी,मो तौक़ीर,मंगल सिंह , धनेश्वर साव,पंकज मंडल, स्मृति राज सहित कुल 15 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।