विधानसभा अध्यक्ष ने गया जी शहर को सुव्यवस्थित एवं जाम मुक्त के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
DHIRAJ.
सिटी मैनेजर नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर के पी रोड एवं गया मार्केट में अतिक्रमण हटाएं।
बिजली विभाग के कामो की प्रशंसा
गया शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाया जा सके और इसके साथ ही ग्रीन गया एवं क्लीन गया महाअभियान साकार हो।
अध्यक्ष बिहार विधानसभा डॉ. प्रेम कुमार ने गया समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है।इस बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं—जाम, पेयजल संकट, पार्किंग व्यवस्था एवं वेंडिंग जोन—पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक के दौरान केपी रोड में डिवाइडर टूटने के बावजूद अतिक्रमण कर ठेला लगाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई है। अध्यक्ष ने कहा कि सिटी मैनेजर नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर अतिक्रमण हटाएं। शहर के विभिन्न हिस्सों में सिटी मैनेजर की जिम्मेदारी तय करते हुए पुलिस बल एवं स्वच्छता प्रभारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक के पास अवैध टेंपो स्टैंड के कारण उत्पन्न जाम की समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही टिकारी रोड, बारी रोड एवं गोल बीघा से पुलिस लाइन सिकरिया मोड़ तक सड़क को 7 मीटर चौड़ा करने की योजना की जानकारी दी गई है।
नगर निगम द्वारा पंचायती अखाड़ा, सिंगरा स्थान एवं डेल्हा क्षेत्र में पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, जबकि चिरैयाताड़ सहित अन्य स्थानों पर अवैध वसूली की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करने का कहा गया है। अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर अवैध वसूली करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। और बाहरी टोटो चालक द्वारा मनमानी वसुलने, बदतमीजी पर भी करवाई होनी चाहिए।
गांधी मैदान के समीप पार्किंग एवं वेंडिंग जोन के लिए स्थल निरीक्षण पूर्ण होने की जानकारी दी गई, जबकि विभागीय प्रक्रिया लंबित है। गांधी मैदान के अंदर बेसहारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने तथा मुख्य द्वार को निर्धारित समय पर खोलने एवं बंद करने का निर्देश दिया गया है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत एलएंटी कंपनी द्वारा गया टाउन क्षेत्र में 75 स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की योजना में अब तक 50 से अधिक स्थानों पर स्थापना पूर्ण कर ली गई है, जबकि शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
बिजली विभाग द्वारा चिन्हित लगभग 500 पुराने खंभों में से 250 को हटाया जा चुका है। अध्यक्ष ने मिर्ज़ा ग़ालिब क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर अनुपयोगी खंभों को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही दूरसंचार विभाग को भी बेकार पड़े खंभों को हटाने को कहा गया है।
वन विभाग द्वारा सिलाऊंजा पार्क के विकास कार्यों में लगभग 12 करोड़ रुपये व्यय किए जाने की जानकारी दी गई है। अध्यक्ष ने गौतम बुद्ध वाइल्डलाइफ क्षेत्र के समुचित विकास हेतु कंसल्टेंट बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अतिरिक्त, चंदौती, आईआईएम, मानपुर, कृषि केंद्र, बोधगया विश्वविद्यालय एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा नगर विकास एवं आवास विभाग को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई, जो फिलहाल प्रक्रियाधीन है।
अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी अधिकारियों को कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, गया शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाया जा सके और इसके साथ ही ग्रीन गया एवं क्लीन गया महाअभियान साकार हो।
