IRCTC ने “छः ज्योतिर्लिंग एवं शिरडी दर्शन” भारत गौरव ट्रेन की घोषणा की

WhatsApp Image 2026-03-25 at 9.41.46 PM

DHIRAJ.
यात्रा कुल 11 रात और 12 दिनों की होगी, देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराया जाएगा

गया शहर के रेलवे स्टेशन के समीप एक निजी होटल में बुधवार को IRCTC के स्टेशन अधिकारी गौतम किशोर द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के तहत “छः ज्योतिर्लिंग एवं शिरडी दर्शन” विशेष धार्मिक यात्रा की घोषणा की। यह पहल भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड द्वारा चलाई जा रही है, जो रेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन एक ‘नवरत्न’ सार्वजनिक उपक्रम है।

आईआरसीटीसी के स्टेशन अधिकारी गौतम किशोर ने बताया कि यह विशेष ट्रेन यात्रा पैकेज कोड EZBG30 के अंतर्गत संचालित की जाएगी। यात्रा की शुरुआत 11 मई 2026 को झारसुगुड़ा से होगी। यह यात्रा कुल 11 रात और 12 दिनों की होगी, जिसमें यात्रियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराया जाएगा। इस पूरी यात्रा को सर्वसमावेशी बनाया गया है, जिसमें ट्रेन यात्रा, भोजन, आवास और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था शामिल रहेगी। प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कई प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों और मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलेगा। उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन कराया जाएगा। इसके अलावा सोमनाथ में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग तथा द्वारका में द्वारकाधीश मंदिर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग शामिल हैं।
महाराष्ट्र के शिर्डी में साईं बाबा के दर्शन के साथ-साथ नाशिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग और औरंगाबाद के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का भी भ्रमण कराया जाएगा।
कई स्टेशनों से मिलेगी चढ़ने की सुविधा इस ट्रेन के लिए यात्रियों को विभिन्न स्टेशनों से चढ़ने और उतरने की सुविधा दी जाएगी। इनमें राउरकेला, रांची, गया, पटना, बक्सर तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।
पर्यटन और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा यह विशेष यात्रा भारत सरकार के “देखो अपना देश” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य देश में घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहित करना, विभिन्न संस्कृतियों के बीच आपसी समझ को बढ़ाना और नागरिकों के बीच भावनात्मक एकता को मजबूत करना है। प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह यात्रा धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसमें वे एक ही सफर में कई पवित्र स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।