कमलेश वर्मा बने अर्जक संघ के राष्ट्रीय सम्मेलन के स्वागताध्यक्ष
DHIRAJ.
–बोधगया में 3 अप्रैल से होगा संघ का तीन दिवसीय सम्मेलन
गया जी।वजीरगंज विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी कमलेश कुमार वर्मा बोधगया में आयोजित होने वाले अर्जक संघ के राष्ट्रीय सम्मेलन के स्वागताध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि संघ के सांस्कृतिक समिति के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और शोषित साप्ताहिक पत्र के संपादक उपेन्द्र पथिक सम्मेलन के मीडिया प्रभारी चुने गए हैं। उक्त निर्णय विगत 21– 22 फरवरी को बोधगया में आयोजित राष्ट्रीय समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो शिवकुमार भारती ने की। इस बैठक के बाद सम्मेलन की सफलता के लिए गया जिला समिति की बैठक भी की गई जिसमें बिनोद विरोधी, अविनाश कुमार, संजय भुइयां, शिवनंदन प्रभाकर, यमुना प्रसाद, बसंत वर्मा, शोषित समाज दल के राष्ट्रीय महामंत्री अखिलेश कुमार, बसपा के जिला प्रभारी राघवेंद्र नारायण यादव, संजय श्याम,जितेंद्र कुमार, गणिता यादव,आदि शामिल थे।
श्री पथिक ने बताया कि आगामी 3 अप्रैल को गया जिला का तथा 4 और 5 अप्रैल को राष्ट्रीय सम्मेलन बोधगया के निकट बकरौर में आयोजित होगा जिसमें बिहार के अलावा झारखंड, बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र तेलंगाना आदि राज्यों के हजारों प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के लिए 300 रुपए प्रतिनिधि शुल्क भी रखा गया है। उन्हें ठहरने और खाने का प्रबंध भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देश भर से मानववादी विचारों के नेताओं, संस्कृति कर्मियों, बहुजन पत्रकारों, साहित्यकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। सम्मेलन में पाखंड मिटाओ प्रदर्शनी, जादू, नाटक भाषण आदि के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों को नकार कर मानववादी संस्कृति की स्थापना पर जोर दिया जाएगा। इसमें पुस्तक मेला, झूला आदि का प्रबंध भी होगा।उन्होंने यह भी बताया कि अर्जक समाज के विकास में जुटे नेताओं, कार्यकर्ताओं, पत्रकारों आदि को सम्मेलन में सम्मानित भी किया जाएगा।