शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड द्वारा 302यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो समाज की सेवा में
DHIRAJ.
गया जी।शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के 95वें शहादत दिवस के पावन अवसर पर शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड द्वारा गया (बिहार) में एक विशाल, भव्य एवं ऐतिहासिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। यह आयोजन देशभक्ति, सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की भावना का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है।इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गया (बिहार) के जिलाधिकारी शशांक शुभांकर, विशिष्ट अतिथि गया नगर निगम के महापौर गणेश पासवान, मुख्य संरक्षक प्रमोद भदानी, अनंतधीश अमन, डॉ० विजय जैन, इकबाल हुसैन, पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी मोहन श्रीवास्तव, कौशलेंद्र प्रताप सिंह,अनील स्वामी, देवेश आनंद, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गया जी के चेयरमैन उपेंद्रनाथ सिंह तथा राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त मैक्स अवस्थी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा किया गया है।
संस्था के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनी कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रक्तदान शिविर गया शहर के तीन प्रमुख स्थानों—प्रमोद लड्डू भंडार (चौक), होटल सम्राट (रायकाशीनाथ मोड़) तथा चेरकी दरियापुर—में एक साथ आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। रक्तदान को महादान कहा गया है, क्योंकि यह सीधे किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का कार्य करता है। इस शिविर के माध्यम से कुल *302__ यूनिट* रक्त संग्रह किया गया, जो समाज सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सोनी कुमार वर्मा ने आगे बताया कि शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड द्वारा प्रत्येक तीन माह पर नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। संगठन का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, युवाओं को सेवा के कार्यों से जोड़ना तथा रक्त की कमी से किसी भी व्यक्ति की जान न जाने देना है।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों ने एक स्वर में रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक कर्तव्य है, बल्कि यह मानवता की सच्ची सेवा भी है। नियमित रूप से रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है, बल्कि यह स्वयं दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
जिलाधिकारी शशांक शुभांकर ने अपने संबोधन में संस्था के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड वर्ष 2010 से लेकर 2026 तक निःशुल्क रक्तदान सेवा के माध्यम से अब तक लगभग 15,000 लोगों की जान बचाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल सराहनीय है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक भी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
संस्था के मुख्य संरक्षक प्रमोद भदानी ने गया के युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में संस्था से जुड़ें और रक्तदान के इस पुनीत कार्य को एक जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि यदि रक्तदान को एक परंपरा के रूप में विकसित किया जाए, तो भविष्य में किसी भी व्यक्ति को रक्त के अभाव में अपनी जान नहीं गंवानी पड़ेगी।
इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर शहीदों को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा भावना और देशभक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला है।यह भव्य आयोजन न केवल शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने का कार्य करता है, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और सेवा के मूल्यों को भी सशक्त रूप से स्थापित करता है।इस मौके पर शहीद भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के सैकड़ों पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे हैं
