नवादा गाँव में कहासुनी के बाद युवक को गोली, हालत स्थिर; पुलिस ने शुरू की छानबीन।
शेरघाटी। थाना क्षेत्र के नवादा गाँव में बुधवार सुबह आपसी विवाद ने विकराल रूप ले लिया, जिसके दौरान गाँव के ही युवक नीरज कुमार ने प्रकाश रंजन को गोली मारकर घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से गाँव में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश रंजन और आरोपी नीरज कुमार के बीच बीते दिनों से कुछ विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नीरज कुमार ने देशी कट्टा से प्रकाश रंजन पर गोली चला दी। गोली गाल में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार घायल प्रकाश रंजन खतरे से बाहर है और उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस के साथ एएसपी शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। एएसपी ने बताया कि आपसी विवाद की जड़ प्रकाश रंजन की मां को डायन कहकर प्रताड़ित किए जाने से जुड़ी थी। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ा और उसी का परिणाम यह गोलीकांड रहा।
पुलिस ने घटनास्थल से एक हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक बरामद की है, जो आरोपी की बताई जा रही है। आरोपी नीरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।