मड़वन प्रखंड कार्यालय में जदयू विधायक इंजीनियर अजीत कुमार की इफ्तार पार्टी, गंगा-जमुनी तहजीब का दिया संदेश

WhatsApp Image 2026-03-14 at 11.29.42 PM

RAJIV.
मुजफ्फरपुर। रमजान के पवित्र महीने के अवसर पर कांटी विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक इंजीनियर अजीत कुमार द्वारा मड़वन प्रखंड कार्यालय परिसर में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम और हिंदू समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जदयू कार्यकर्ता, स्थानीय बुद्धिजीवी और आम लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक इंजीनियर अजीत कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें सऊदी अरब से लाई गई विशेष पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया।इस अवसर पर विधायक इंजीनियर अजीत कुमार ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम और इंसानियत का संदेश देता है। रोजा और इफ्तार केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र महीने में सभी लोग एक-दूसरे के लिए अमन-चैन, सुख और समृद्धि की कामना करते हैं। समाज में सौहार्द और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं जदयू नेता मो. जमाल ने कहा कि बिहार की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है, ताकि समाज में भाईचारा और आपसी विश्वास मजबूत हो।
जदयू मड़वन प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम ने कहा कि विधायक इंजीनियर अजीत कुमार हमेशा कांटी की जनता की आवाज सुनते हैं और हर वर्ग के लोगों के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा उन पर मुस्लिम विरोधी होने के आरोप लगाए जाते थे, जो पूरी तरह निराधार हैं। आज का यह इफ्तार कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि वे सभी समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।
जिला परिषद उपाध्यक्ष निरुपमा सिंह ने भी इफ्तार पार्टी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। सभी समुदायों के लोगों का एक साथ बैठकर इफ्तार करना सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
इफ्तार पार्टी के दौरान सभी लोगों ने देश और समाज में शांति, सद्भाव और तरक्की के लिए दुआ की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भाईचारे और आपसी सौहार्द से भरा रहा।इस अवसर पर पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि मो. जावेद हुसैन, अजय चौधरी, मनोज कुमार सिंह, इंदल साह, अमरनाथ गुप्ता, प्रमोद पटेल, रमाशंकर सिंह, शीला देवी, नीलू देवी, रविंद्र पंडित, सोनू सिंह, सिकंदर सिंह, मो. सिराज, सुनील शर्मा, जय सिंधु ठाकुर, मो. मोतिउर रहमान, ई. सोहैल समेत बड़ी संख्या में जिले के लोग उपस्थित थे।