दीपांकर भट्टाचार्य ने विधायकों की खरीद फरोख्त एवं दल बदल की राजनीति को बताया राजनीतिक भ्रष्टाचार

दिवाकर तिवारी,

सासाराम। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने विधायकों की हो रही खरीद फरोख्त एवं दलबदल की राजनीति को राजनीतिक व आर्थिक भ्रष्टाचार की संज्ञा दी है। विधायकों की हो रही खरीद फरोख्त के खिलाफ सासाराम में आयोजित एक नागरिक सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सासाराम लोकसभा क्षेत्र को राजनीतिक प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल कर रही है। जिन तीन विधायकों को महागठबंधन की ओर से टिकट मिला और जनता ने उन्हें वोट देकर जिताया। उन्होंने दल बदलकर राजनीतिक भ्रष्टाचार किया है और जनता के मतों का भी अपमान है। यह एक प्रकार की साजिश चल रही है। जहां भी भाजपा जीत नहीं सकती, वहां विधायकों की खरीद फरोख्त कर रही है और जो बिक नहीं रहे हैं उन्हें झुठे मुकदमे में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा हीं यात्रा पर रहते हैं। पहले विदेश की यात्रा पर ज्यादा रहते थे लेकिन अब चुनाव नजदीक आने के कारण देश की यात्रा कर रहे हैं। जिससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। देश की जनता पिछले 10 साल का हिसाब मांग रही है और जवाब नहीं मिलने पर जनता खुद जवाब दे देगी। कहा कि मोदी जी परिवार की बात कर रहे हैं और उनका असली परिवार अडानी अंबानी जैसे लोग है। जिस पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है।

इधर नागरिक सम्मेलन में शामिल होने आई राजद विधायक अनीता चौधरी ने भी सभा को संबोधित किया तथा उपस्थित लोगों से मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की। एक सवाल के जवाब में अनीता चौधरी ने कहा कि हम लोग राम को मानने वाले लोग हैं। इन लोगों के आने से पहले ही हमारे पूर्वज राम की पूजा करते रहे हैं और हर जगह रामनवमी सहित अन्य त्योहार होते रहे हैं। विधायकों के भागने के सवाल पर अनीता चौधरी ने कहा कि जिनको भागना था वे भाग गए अब कोई जाने वाला नहीं है। मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, भाकपा माले के कार्यकर्ता सहित महागठबंधन के अन्य नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

You may have missed