जिले के सरकारी विद्यालय में आर्यभट्ट अंतरिक्ष प्रयोगशाला का डीएम ने किया उद्घाटन

दिवाकर तिवारी ।

ऑनलाइन क्लासेस की मदद से इसरो एवं नासा के वैज्ञानिकों से जुड़ेंगे बच्चे ।

रोहतास। जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलौथू में शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आर्यभट अंतरिक्ष प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। बिहार के सरकारी स्कूल में पहली बार इस प्रकार के अंतरिक्ष शिक्षा प्रयोगशाला का निर्माण कार्य किया गया है। जिसमें छात्रों को बहुत कम उम्र से हीं विज्ञान और तकनीकी विषयों जैसे रॉकेट्स, सैटेलाइट्स, ड्रोन्स, रोबोटिक्स, हवाई जहाज एवं खगोल विज्ञान के बारे में प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रयोशाला में कुल 100 से भी ज्यादा छोटे बड़े उपकरण लगाए गए हैं। जिनमें से टेलिस्कोप, चंद्रयान एवं मंगलयान सॅटॅलाइट, इसरो के राकेट, रोबोट्स, 3 डी प्रिंटर और विभिन्न प्रकार के ड्रोन्स मुख्य हैं। इस अंतरिक्ष प्रयोगशाला के छात्र छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ ऑनलाइन क्लासेज की मदद से इसरो और नासा के वैज्ञानिको से भी जुड़ेंगे और अंतरिक्ष के विषयों का ज्ञान प्राप्त करेंगे। बता दें कि जिला प्रशासन रोहतास, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान और उत्तर प्रदेश स्थित स्टार्टअप व्योमिका स्पेस द्वारा इस प्रयोगशाला को स्थापित कराया गया है। जिससे निश्चित रूप से बिहार के हर बच्चे को वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा मिलेगी।

वहीं प्रयोगशाला के उद्घाटन के पश्चात जिला पदाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व के इतिहास में भी बिहार में खगोल विज्ञान के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट कार्य हुए थे। इस प्रकार की नई तकनीक से हमारे बच्चों को परिचित कराया जाना हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि रोहतास जिले को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी बेहतर बनाना है। इसी उद्देश्य से उपविकास आयुक्त द्वारा इस प्रयोगशाला के अधिष्ठापन में उत्कृष्ट मार्गदर्शन किया गया है। मौके पर उपविकास आयुक्त शेखर आनंद, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सासाराम यतेन्द्र कुमार पाल एवं अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

You may have missed