कानून की जानकारी से कैदियों में आएगा सुधार — डॉक्टर राजेश

रजनीश कुमार ।

जहानाबाद मंडल कारा जहानाबाद में पैनल अधिवक्ता का जेल दौरा के साथ साथ जेल प्रांगण में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बंदियों को कानून की जानकारी दी गई। साथ ही साथ उनकी समस्याएं भी सुनी गई। विदित हो कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जहानाबाद के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सिंह एवं विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार के निर्देश पर जहानाबाद मंडल कारा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता डॉ राजेश चन्द्रा ने कैदियों को नालसा (मानसिक रूप से बीमार और मानसिक रूप से विकलांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना, 2015 के बारे में विस्तार पूर्वक बताया । साथ ही साथ प्ली बारगेनिंग पर कानूनी जागरूकता कार्यक्रम में प्ली बारगेनिंग के प्रावधानों का लाभ उठाने के लिए भी विस्तार से जानकारी दी गयी। उन्होंने बंदियों को विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जानी वाली मदद की जानकारी देकर विस्तार से बताया। इसके अलावा बंदियों को अपने मुकदमे की जानकारी, वाद संख्या की जानकारी और अपने ऊपर लगे आरोप की जानकारी रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही साथ प्राधिकरण के निर्देश पर पैनल अधिवक्ता ने जेल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर कैदियों की समस्याओं को सुनी। मौके पर प्रभारी उप कारा अधीक्षक अरविंद कुमार,सहायक कारा अधीक्षक अमित कुमार झा,पारा विधिक स्वयं सेवक कृष्ण देव प्रसाद उर्फ मोहन उपस्थित थे।